KawardhaChhattisgarhकबीरधामछत्तीसगढ़पंडरियाबोड़लारायपुरलोहारा

कवर्धा के 171 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, विधायक विजय शर्मा बोले—कवर्धा की प्रतिभा बनेगी देश का गौरव

कवर्धा के 171 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, विधायक विजय शर्मा बोले—कवर्धा की प्रतिभा बनेगी देश का गौरव

 

कवर्धा, 25 अगस्त 2026। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों के लिए मंगलवार का दिन खास और यादगार रहा। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले 171 विद्यार्थियों को कवर्धा विधायक एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रोत्साहन राशि, प्रतीक चिन्ह और प्रेरक पुस्तकों से सम्मानित किया।

IMG 20260825 WA0010

पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित इस समारोह में वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान और प्रोत्साहन देने का संदेश दिया गया।

विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद

 

समारोह में विधायक विजय शर्मा ने विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली तथा उनके सवालों का जवाब देकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

 

इस दौरान विद्यार्थियों के साथ सेल्फी लेकर उन्होंने उनके साथ खुशियां भी साझा कीं। कार्यक्रम की एंकर अनुराधा दुबे ने भी प्रेरक एवं उत्साहवर्धक बातों से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।

IMG 20260825 WA0007

10वीं के विद्यार्थियों को 5 हजार, 12वीं को 10 हजार रुपये

सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये तथा कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। सभी चयनित विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह और प्रेरक पुस्तकें भी भेंट की गईं।

 

“कवर्धा की प्रतिभा एक दिन देश का गौरव बनेगी”

विधायक विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है। सम्मानित किए जा रहे विद्यार्थी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर आने वाले समय में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।

 

उन्होंने कहा कि “कवर्धा की यह प्रतिभा आगे चलकर न केवल जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेगी, बल्कि एक दिन देश का गौरव बनेगी।”

 

बोले—जो करना है, पूरे मन से कर डालो

विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि जीवन में जो करना है, उसे पूरे मन से करना चाहिए। लक्ष्य और जुनून के लिए पूरी ताकत और समर्पण के साथ प्रयास करना चाहिए। संसाधनों की कमी को सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बनने देना चाहिए।

 

उन्होंने युवाओं को सकारात्मक दिशा में अपनी ऊर्जा लगाने की सलाह देते हुए कहा कि आज के समय में युवाओं के मन में गुस्सा भरने वाली कई ताकतें सक्रिय हैं। युवाओं को इससे सावधान रहते हुए अपनी ऊर्जा का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करना चाहिए।

 

युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगे

 

विधायक ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और क्षमता होती है। इस ऊर्जा का उपयोग समाज की भलाई और देश को आगे बढ़ाने में होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

 

विद्यार्थियों ने पूछे सवाल, विधायक ने साझा किए अनुभव

 

कार्यक्रम में कक्षा 12वीं के छात्र राकेश जांगड़े ने पूछा कि विद्यार्थी जीवन में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए परीक्षा की तैयारी पहले से करते थे या प्रथम आने का जुनून रहता था।

 

इस पर विजय शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को कक्षा में शिक्षक की बातों पर पूरा ध्यान देना चाहिए। केवल रटने के बजाय विषय को समझने पर जोर देना चाहिए। विषय की समझ मजबूत होने पर विद्यार्थी किसी भी प्रश्न का उत्तर आत्मविश्वास के साथ दे सकता है।

 

कक्षा 10वीं की छात्रा मृदुला श्रीवास्तव ने पूछा कि जब विज्ञान की पढ़ाई के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होते थे, तब वे किस तरह आगे बढ़े। इस पर विधायक ने कहा कि समय और संसाधनों की कमी को अपनी प्रगति में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करने और कक्षा में पढ़ाए जा रहे विषय पर पूरा ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।

 

विद्यार्थियों के साथ गुरुजनों का भी सम्मान

 

विधायक विजय शर्मा की पहल पर आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों के साथ उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्कूलों के प्राचार्यों और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया।

IMG 20260825 WA0011

कार्यक्रम में कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, रामकिंकर वर्मा, निर्मल द्विवेदी, हरीश लुनिया, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, डीएफओ निखिल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, पालक, शिक्षक और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

 

सम्मान, संवाद और प्रोत्साहन से भरे इस आयोजन ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया। समारोह का उद्देश्य केवल मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करना नहीं, बल्कि उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित करना भी रहा।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page