पंडरिया के वनांचल क्षेत्रों को मिलेगी पक्की सड़क की सौगात, विधायक भावना बोहरा ने 9.33 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
डेंगुरजाम-अमनिया मार्ग का होगा निर्माण, देवसरा से कुई तक सड़क का होगा नवीनीकरण, दूरस्थ गांवों के आवागमन को मिलेगी सुविधा।
पंडरिया | कबीरधाम

पंडरिया। विधानसभा क्षेत्र के वनांचल एवं आदिवासी अंचलों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। विधायक भावना बोहरा ने कुल 9 करोड़ 33 लाख 1 हजार रुपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों की आधारशिला रखी।
इनमें लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 5 करोड़ 71 लाख 59 हजार रुपये की लागत से डेंगुरजाम से अमनिया तक 3.20 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 करोड़ 61 लाख 42 हजार रुपये की लागत से देवसरा से कुई तक 7.4 किलोमीटर सड़क का नवीनीकरण शामिल है।
वनांचल के गांवों को मिलेगी आवागमन में सुविधा

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सड़कें विकास की आधारशिला हैं। इनके निर्माण से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कृषि से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। वनांचल एवं आदिवासी क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा में 100 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण, पीएम जनमन योजना के तहत 3500 आवास, विद्युत विहीन गांवों तक बिजली पहुंचाने, पेयजल सुविधा, दामापुर में लिंक कोर्ट, छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा, निःशुल्क एंबुलेंस और मोबाइल हेल्थ लैब जैसी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने इन विकास कार्यों की सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बसंत वाटिया, मंडल महामंत्री सोनू सलूजा, दशरथ कुंभकार, वरिष्ठ भाजपा नेता उत्तम मस्कोले, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदिनी साहू सहित सरपंच, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – KHILESHWAR SINHA
KT CHHATTISGARH NEWS संपर्क – 8889540664





