₹8.44 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

विधायक भावना बोहरा ने सड़कों, आंगनबाड़ी व सामुदायिक भवनों का किया भूमिपूजन व लोकार्पण
कबीरधाम | पंडरिया विधानसभा
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में विकास की तस्वीर तेज़ी से बदल रही है। विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों और केंद्र एवं राज्य की डबल इंजन सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। इसी कड़ी में विधायक भावना बोहरा ने ग्राम रैतापारा एवं कुम्ही में ₹8 करोड़ 44 लाख 37 हजार की लागत से विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत ₹5 करोड़ 8 लाख 91 हजार की लागत से ML-05 मेन रोड से रैतापारा (7.50 किमी) तथा ₹3 करोड़ 13 लाख 77 हजार की लागत से रेहुंटा से कुम्ही (पंडरिया) 4.86 किमी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। साथ ही ग्राम कुम्ही में ₹11 लाख 69 हजार की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन एवं ₹10 लाख की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया गया।

इन सड़कों के निर्माण से पुतकी कला, पलानसरी, रैतापारा, कुम्ही, धोबघट्टी एवं रेहुंटा सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के ग्रामीणों को पक्की एवं बारहमासी सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा, जिससे आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
विधायक भावना बोहरा का बयान
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। साथ ही आंगनबाड़ी एवं सामुदायिक भवन के लोकार्पण से बच्चों के पोषण, मातृत्व सुरक्षा, प्रारंभिक शिक्षा और ग्रामीण समाजिक गतिविधियों को सशक्त आधार मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि इन विकास कार्यों से पंडरिया एवं पांडातराई क्षेत्र में ग्रामीण सशक्तिकरण, मजबूत अधोसंरचना और समावेशी विकास को गति मिलेगी। गांवों को शहरों से जोड़ने का सपना प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से साकार हो रहा है। हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क सुविधा की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
जनपद अध्यक्ष श्रीमती नंदिनी साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री रामकुमार भट्ट, श्रीमती राजेश्वरी धृतलहरे, जनपद सदस्य श्रीमती सुमन चंद्रवंशी, श्रीमती रानी चंद्रवंशी, श्री रविशंकर चंद्रवंशी, पांडातराई मंडल अध्यक्ष श्री प्रदीपपुरी गोस्वामी, महामंत्री श्री भागीरथी साहू, सरपंच श्रीमती रूखमणी चंद्रवंशी, श्री शेषनारायण चंद्रवंशी, श्रीमती अर्चना चंद्रवंशी, श्रीमती उत्तर देवी साहू, श्री विद्यानंद चंद्रवंशी सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






