नारी शक्ति, आत्मविश्वास व सहनशीलता का प्रतीक – चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने महिला कर्मचारियों का किया सम्मान
कवर्धा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद कवर्धा के सभाकक्ष में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने अपनी टीम के साथ सभाकक्ष के प्रवेश द्वार पर खड़े होकर स्वच्छता दीदियों का आरती कर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने महिला कर्मचारियों के साथ बैठकर नाश्ता किया तथा नारी शक्ति की महानता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनका सम्मान किया और उनके प्रति सम्मान प्रकट करते हुए पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि नारी शक्ति साहस, आत्मविश्वास, प्रेम, त्याग और सहनशीलता की प्रतीक है। नारी समाज की नींव है और उसका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सभी महिलाएं काबिल और मेहनती हैं तथा आज के समय में महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए महतारी वंदन योजना सहित अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा और हौसला देने का दिन है। मातृशक्ति ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के साथ उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पार्षद अजय ठाकुर, बिहारी राम धुर्वे, योगेश चंद्रवंशी, सौखी आहिरवार, डोनेश राजपूत, दीपक सिन्हा सहित बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं।




