ग्राम नवागांव में विभिन्न जनहितकारी निर्माण कार्यों का हुआ भूमिपूजन
कवर्धा। ग्राम नवागांव में ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न जनहितकारी निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य विरेंद्र साहू उपस्थित रहे। उनके आतिथ्य में चबूतरा निर्माण, प्राथमिक शाला भवन में नलकूप खनन तथा पंप स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों की विधिवत शुरुआत की गई।
इन निर्माण कार्यों से ग्रामवासियों को मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा और ग्रामीण क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य विरेंद्र साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गांव, गरीब और किसानों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।
उन्होंने कहा कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है और ऐसे निर्माण कार्यों से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस अवसर पर सरपंच केदार साहू, मंडल उपाध्यक्ष आसवन साहू, युवा मोर्चा के यशवंत चंद्रवंशी, विकास चंद्रवंशी, विद्यालय के प्राचार्य सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





