जनमन आवास में प्रगति लाने सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल के निर्देश पर वनांचल में लग रहा चौपाल

महिला समूह के सदस्य घर-घर जाकर हितग्राहियों को कर रहे प्रोत्साहित
निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं का हो रहा त्वरित निराकरण
कवर्धा, दिनांक 21 मार्च 2026।
जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं प्रधानमंत्री जनमन आवास के कार्यों में तेजी लाने तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के पालन में जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी लगातार वनांचल क्षेत्रों का दौरा कर आवास निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने के लिए जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी महिला समूह की सदस्याएं घर-घर जाकर हितग्राहियों को अपने आवास शीघ्र पूर्ण करने हेतु प्रेरित कर रही हैं।
इसी क्रम में जिला समन्वयक (प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण) श्री दुर्गेश शर्मा एवं जनपद पंचायत पंडरिया के विकासखंड समन्वयक सहित मैदानी अमले द्वारा सुदूर वनांचल ग्राम पंचायत छिंदीडीह, भेलकी एवं सेंदुरखार के आश्रित ग्रामों—बांगर (साईं टोला), चावूर डोंगरी एवं एरंग टोला में जन चौपाल लगाकर अप्रारंभ एवं अपूर्ण आवासों के संबंध में हितग्राहियों से चर्चा की गई। इस दौरान उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया।
विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के लिए बनाए जा रहे जनमन आवासों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए तथा आवश्यक तकनीकी सुझाव भी प्रदान किए गए।
सीईओ श्री अग्रवाल ने बताया कि जनमन आवास के कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मैदानी कर्मचारियों को प्रतिदिन निर्माण स्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। एनआरएलएम के कैडर द्वारा हितग्राहियों को स्वयं आवास निर्माण हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही निर्माण सामग्री जैसे सेंट्रिंग प्लेट, रेत, ईंट, गिट्टी एवं सीमेंट की उपलब्धता की भी जानकारी ली जा रही है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत छिंदीडीह में स्वीकृत 118 आवासों में से 78 पूर्ण हो चुके हैं तथा शेष निर्माणाधीन हैं। ग्राम पंचायत भेलकी में 139 में से 112 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि सेंदुरखार में स्वीकृत 179 आवासों में से 65 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय सीमा में पक्के आवास का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।




