नगर पंचायत पांडातराई में विकास कार्यों की समीक्षा, विधायक भावना बोहरा ने दिए गुणवत्ता और समयसीमा के निर्देश

पांडातराई। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नगर पंचायत पांडातराई में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना निर्माण और शासकीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में विधायक ने सुशासन तिहार के आवेदनों के त्वरित निराकरण, बिजली व्यवस्था में सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, भू-स्वामित्व कार्ड, पेंशन वितरण तथा भूमिहीन किसानों को आर्थिक लाभ जैसे विषयों पर चर्चा की। उन्होंने सभी विभागों को जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
भावना बोहरा ने कहा कि जनता को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाना तथा विकास कार्यों को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विकास कार्यों को गति दी जा रही है ताकि आम जनता को अधिकतम लाभ मिल सके।
विधायक ने बताया कि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने के बाद नगर पंचायत पांडातराई के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिली है। इनमें सड़क, बायपास, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, तालाब सौंदर्यीकरण, सीसी रोड, नाली निर्माण, पेयजल, बिजली आपूर्ति, सामुदायिक भवन और मुक्तिधाम सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पांडातराई में उप तहसील की स्थापना से लोगों को स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं और क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता सोनी, पार्षदगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।




