गन्ना किसानों को जल्द मिलेगा बकाया भुगतान, जुलाई-अगस्त तक पूरी राशि देने का भरोसा: विधायक भावना बोहरा
📍पंडरिया। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया में गन्ना बेचने वाले किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि किसानों की बकाया भुगतान राशि जुलाई से अगस्त तक उनके खातों में पूरी तरह हस्तांतरित कर दी जाएगी।
विधायक ने बताया कि किसानों के भुगतान में तेजी लाने के लिए राज्य सरकार, सहकारिता विभाग और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। शासन स्तर पर शुगर मिल में उपलब्ध चीनी स्टॉक के मूल्य के बराबर अग्रिम राशि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिससे भुगतान प्रक्रिया तेज और समयबद्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में शक्कर कारखाने की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए कई सुधार किए गए हैं। स्थापना व्यय में कमी, अनुरक्षण एवं मरम्मत खर्च में कटौती तथा विभिन्न मदों में नियंत्रण से करीब 16 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बचत हुई है। साथ ही मोलासिस की बेहतर बाजार मूल्य पर बिक्री से भी कारखाने की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
भावना बोहरा ने कहा कि गन्ना किसानों के परिश्रम की पूरी कीमत समय पर दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा और सभी बकाया भुगतान जल्द पूरे किए जाएंगे।





