कवर्धा में 6 से 8 जुलाई तक पट्टा शिविर, 9 जुलाई से वार्डवार घर-घर सर्वे शुरू
आवासहीन पात्र परिवारों को 30 साल के लिए मिलेगा निःशुल्क शासकीय भूमि पट्टा, 10 अगस्त से पहले सर्वे पूरा करने का लक्ष्य

कवर्धा। छत्तीसगढ़ सरकार की “छत्तीसगढ़ नगरीय क्षेत्रों में आवासहीन व्यक्ति को पट्टाधृति अधिकार नियम, 2023” योजना के तहत नगर पालिका कवर्धा में आवासहीन एवं पात्र परिवारों को शासकीय भूमि का 30 वर्ष के लिए निःशुल्क पट्टा प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए 6 से 8 जुलाई तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जबकि 9 जुलाई से वार्डवार घर-घर सर्वे अभियान प्रारंभ होगा।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने अभियान की तैयारियों को लेकर पार्षदों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा तथा किसी भी पात्र परिवार का नाम नहीं छूटना चाहिए।

बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि नियम-2023 के तहत नगर क्षेत्र के पात्र आवासहीन व्यक्तियों को निर्धारित सीमा (800 वर्गफीट) तक नवीन पट्टा दिया जाएगा। इसके अलावा अतिरिक्त कब्जे की भूमि का नियमितीकरण, अवैध या अनियमित पट्टा हस्तांतरण तथा भूमि उपयोग परिवर्तन से जुड़े मामलों का भी सर्वे और परीक्षण किया जाएगा।
नागरिकों की सुविधा के लिए 6 से 8 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। वीर सावरकर भवन में 6 से 8 जुलाई, पीजी कॉलेज डोम परिसर में 7 एवं 8 जुलाई तथा ठाकुर पारा भवन में 6 से 8 जुलाई तक आवेदन लिए जाएंगे। शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों की जांच के साथ पट्टा सर्वे और नियमितीकरण संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेष शिविरों के बाद 9 जुलाई से गठित सर्वे दल प्रत्येक वार्ड में घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे, भौतिक सत्यापन करेंगे और पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार करेंगे। प्रशासन ने 10 अगस्त 2026 से पहले संपूर्ण सर्वे कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर आवेदन करें तथा सर्वे दलों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।





