ओवरलोड वाहनों और शोल्डर निर्माण में खामी से धंसी पीएम जनमन सड़क, दो इंजीनियर निलंबित, ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट
कवर्धा, 09 जुलाई। बोड़ला विकासखंड के दलदली मेन रोड से खारिया होते हुए अगरी तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित सड़क के पहली बारिश में क्षतिग्रस्त होने के मामले में राज्य स्तरीय जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में पाया गया कि सड़क धंसने का मुख्य कारण क्षमता से कई गुना अधिक भार वाले वाहनों का संचालन और शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामियां थीं।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की कोर कटिंग कर वैज्ञानिक परीक्षण कराया गया और विभिन्न तकनीकी मानकों पर गुणवत्ता की जांच की गई।
जांच में सामने आया कि जिस सड़क का निर्माण केवल 10 से 12 टन क्षमता वाले वाहनों के लिए किया गया था, उस पर 60 से 70 टन तक रेत से लदे भारी वाहनों का लगातार आवागमन हो रहा था। इसके साथ ही शोल्डर निर्माण में गुणवत्ता संबंधी कमी भी पाई गई, जिससे बारिश का पानी सड़क के अंदर तक पहुंच गया और सड़क कमजोर होकर धंस गई।
निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में लापरवाही बरतने पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव श्री भीम सिंह ने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़क को पूरी तरह उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण तरीके से बनाने तथा पूरे मार्ग के शोल्डर का पुनर्निर्माण करने के निर्देश दिए।
तकनीकी जांच में जीएसबी, डब्ल्यूबीएम और बीटी लेयर के अधिकांश गुणवत्ता मानक संतोषजनक पाए गए। बाइंडर कंटेंट भी निर्धारित 6 प्रतिशत मानक के अनुरूप मिला। हालांकि शोल्डर का कम्पैक्शन तय 100 प्रतिशत के मुकाबले आरडी 1400 मीटर पर 95 प्रतिशत तथा आरडी 2100 मीटर पर 94.68 प्रतिशत ही पाया गया। इसके अलावा पुलिया के एप्रोच पर बैकफिलिंग भी मानकों के अनुरूप नहीं की गई थी, जिससे बारिश का पानी सड़क की सब-बेस तक पहुंचकर सड़क को अंदर से कमजोर कर गया।
सचिव श्री भीम सिंह ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में पीएम जनमन योजना की इस सड़क पर ओवरलोड वाहनों का संचालन प्रतिबंधित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई कर क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों की आवाजाही रोकेंगे।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता अखिलेश तिवारी, बलवंत पटेल, अमित गुलहरे, कार्यपालन अभियंता संतोष ठाकुर, सहायक अभियंता सौरभ देशमुख, मुरारी साहू, उप अभियंता जे. रितेश नायडू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





