जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं,उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने करोड़ों के विकास कार्यों की दी सौगात

कवर्धा, 24 जुलाई 2026। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार को सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम भेंड्रा नवागांव और पीरचाटोला में जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मांगों पर मौके पर ही स्वीकृति एवं घोषणाएं कीं।
उपमुख्यमंत्री ने ग्राम बोटेसुर से नवागांव तक एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण की घोषणा की। वहीं पीरचाटोला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण तथा वीबीजीरामजी योजना के तहत पुल-पुलिया निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृत कराने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। क्षेत्र में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, बोर खनन, रंगमंच, आहता निर्माण और आंतरिक विद्युतीकरण जैसे कई विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। वहीं सूरजपुरा पंचायत में 51 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है, जहां नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पीरचाटोला, सूरजपुरा, पेण्ड्रातराई, बैगापारा और बोटेसुर में सैकड़ों आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई थी, जिनमें से 11 लाख आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।
उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों को डेयरी एवं अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ने, किसानों को जैविक खेती अपनाने तथा गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधार के लिए गांव और खेतों के फीडर अलग किए जाने तथा पुराने बिजली बिलों के समाधान की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा, जनपद अध्यक्ष दुर्गा पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





