कबीरधाम में सरपंचों का प्रशिक्षण: NMMS ऑनलाइन अटेंडेंस, 125 दिनों के रोजगार और समय पर मजदूरी भुगतान पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण

विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलेभर के सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य विभिन्न स्तरों पर हो रहे प्रशिक्षित।
कवर्धा, 6 अगस्त 2026।
कबीरधाम जिले में विकसित भारत–रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण अधिनियम (जी राम जी योजना) के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का चार दिवसीय प्रशिक्षण जिला पंचायत संसाधन केंद्र डंगनिया में आयोजित किया जा रहा है। 4 से 7 अगस्त तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में जनपद पंचायत कवर्धा, बोड़ला, सहसपुर लोहारा और पंडरिया के सरपंचों को योजना के नवीन प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान सरपंचों को NMMS के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति, 125 दिनों के रोजगार की कार्ययोजना, युक्त धारा पोर्टल के जरिए कार्यों की स्वीकृति, समय पर मजदूरी भुगतान, ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की पहचान, परिसंपत्तियों के निर्माण तथा योजना में पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर योजना के प्रभावी संचालन के लिए जनप्रतिनिधियों की क्षमता विकसित करना है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम अभिषेक अग्रवाल ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इसमें ग्राम पंचायतों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सरपंचों से नई योजना के तहत पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने और अपने गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि पुराने महात्मा गांधी नरेगा में कई महत्वपूर्ण संशोधन करते हुए केंद्र सरकार ने विकसित भारत जी राम जी योजना लागू की है, जो जिले में 2 जुलाई 2026 से प्रभावी है। प्रशिक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी विनायक गुप्ता, तकनीकी समन्वयक अशोक झारिया एवं कार्यक्रम अधिकारी लवकेश मरकाम ने भी योजना के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी।
जिला एवं जनपद सदस्य भी ले रहे प्रशिक्षण
जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू सहित जिला पंचायत सदस्यों का प्रशिक्षण ठाकुर प्यारेलाल ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा में आयोजित किया गया है। वहीं कवर्धा, बोड़ला, सहसपुर लोहारा और पंडरिया के जनपद पंचायत सदस्यों का प्रशिक्षण दुर्ग संभाग मुख्यालय में चल रहा है। इन प्रशिक्षणों में जनप्रतिनिधियों को नई योजना में उनकी भूमिका, ग्रामीण विकास की रणनीति और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
प्रशासन का मानना है कि योजना की सफलता में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम है। इसी उद्देश्य से जिला, संभाग और ग्राम स्तर पर चरणबद्ध प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं।





