रोजगार दिवस पर ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी, 471 ग्राम पंचायतों में 820 निर्माण कार्य जारी
कवर्धा, 7 सितंबर 2026। कबीरधाम जिले की ग्राम पंचायतों में विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए करीब 820 निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। जिले की 471 ग्राम पंचायतों में आजीविका डबरी, तालाब निर्माण, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम सहित विभिन्न कार्य स्वीकृत हैं।

ग्रामीणों द्वारा रोजगार की मांग किए जाने पर गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्य पूरा करने पर प्रतिदिन ₹300 मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है। योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को मांग के आधार पर 150 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
कलेक्टर कबीरधाम श्रीमती तूलिका प्रजापति के निर्देश पर जिला पंचायत द्वारा ग्राम पंचायतों में विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति पहले से की गई है।
QR कोड से मिलेगी निर्माण कार्यों की जानकारी
निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिले की ग्राम पंचायतों में QR कोड लगाए गए हैं। ग्रामीण मोबाइल से QR कोड स्कैन कर पिछले वर्षों में हुए कार्यों और उन पर हुए खर्च की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत निर्मित आवासों की जानकारी भी QR कोड के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।
रोजगार दिवस पर ग्रामीणों को किया गया जागरूक
रोजगार दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। हितग्राही एवं सामुदायिक कार्यों के साथ पशु शेड, निजी डबरी, आजीविका डबरी, सामुदायिक डबरी और कूप निर्माण जैसे कार्यों से जल संरक्षण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और आजीविका के नए साधनों के बारे में ग्रामीणों को बताया गया।
साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण समय पर पूरा करने और निर्माण से जुड़ी तकनीकी जानकारी का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।





