कैम्प लगाकर HPV टीकाकरण के कार्य में तेजी लाएं : ईश्वरी साहू

जिला पंचायत सामान्य सभा में स्वास्थ्य, कृषि एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की हुई समीक्षा
कवर्धा, 30 सितंबर 2026। जिला पंचायत कबीरधाम की सामान्य सभा की बैठक में स्वास्थ्य, कृषि एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने की। बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित के विभिन्न विषयों को सदन के सामने रखा।
बैठक के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि HPV टीकाकरण के लिए कैम्प लगाकर चिन्हांकित किशोरियों का टीकाकरण जल्द पूरा कराया जाए। उन्होंने टीकाकरण के फायदे को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, लखपति दीदियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों के सहयोग से घर-घर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
12,004 के लक्ष्य के विरुद्ध 4,399 किशोरियों का टीकाकरण
बैठक में जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट ने HPV टीकाकरण की प्रगति को लेकर जानकारी मांगी। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026-27 में कुल 12,004 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 4,399 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है और अभियान लगातार जारी है।
सीएमएचओ ने सदन को HPV टीके से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि यह टीका ह्यूमन पैपिलोमावायरस संक्रमण तथा उससे जुड़े सर्वाइकल कैंसर, जननांगों के मस्सों और कुछ अन्य कैंसर के जोखिम से बचाव में मदद करता है। सदन को किशोरियों के निर्धारित आयु वर्ग में टीकाकरण कराए जाने की जानकारी दी गई।
बैठक में मातृत्व स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम और सिकलसेल उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्था सुधारने के निर्देश
जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी ने स्वास्थ्य केंद्रों में रखरखाव और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने के साथ आपातकालीन परिस्थितियों के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों एवं मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र साहू ने ग्राम पंचायत मानिकचैरी में डॉक्टर की उपलब्धता का विषय उठाया। वहीं सदस्य श्रीमती दीपा पप्पू धुर्वे ने ग्राम बदना के ग्राम कंचनार में स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित समस्या सदन के सामने रखी। सीएमएचओ ने संबंधित समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने जिला अस्पताल परिसर के पंजीयन कक्ष को सहायता केंद्र के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके। जनऔषधि केंद्र को 24 घंटे संचालित रखने का सुझाव भी बैठक में दिया गया।
अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित विषयों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग ने खाद और किसान योजनाओं की जानकारी दी
सामान्य सभा में कृषि विभाग द्वारा खरीफ फसल 2026 के लिए उर्वरकवार भंडारण एवं वितरण की जानकारी प्रस्तुत की गई। सदन को जिले में यूरिया, डीएपी, एसओपी, एसएसपी एवं एनपीके के भंडारण और वितरण की स्थिति से अवगत कराया गया।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले में 1,23,239 किसानों की ई-केवाईसी पूर्ण होने की जानकारी दी गई, जो निर्धारित लक्ष्य का 99.05 प्रतिशत बताया गया।
बैठक में आधार सीडिंग और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की भी जानकारी दी गई।
उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी ने धान के बदले अन्य फसलों की खेती करने वाले किसानों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को लाभ दिलाने पर जोर दिया।
जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे एवं जनपद पंचायत पंडरिया अध्यक्ष नंदनी राजकुमार साहू ने किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों की जानकारी मांगी। इस पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने उपसंचालक कृषि को आवश्यक जानकारी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की भी हुई समीक्षा
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल जीवन मिशन की प्रगति की जानकारी सदन में रखी। विभाग के अनुसार अब तक 1,71,472 घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं।
कार्यपालन अभियंता ने बताया कि योजना के तहत 430 गांवों में कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 435 गांवों में कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा 341 गांवों को हर घर जल ग्राम के रूप में सर्टिफाइड किए जाने की जानकारी दी गई।
वन नेशन वन राशन कार्ड की दी जानकारी
सेवा संकल्प अभियान के तहत खाद्य विभाग द्वारा वन नेशन वन राशन कार्ड अभियान की जानकारी भी सदन में दी गई।
बताया गया कि बायोमेट्रिक आधार एवं OTP वेरिफिकेशन के माध्यम से पात्र हितग्राही देश में किसी भी स्थान से अपनी पात्रता के अनुसार शासकीय खाद्यान्न सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
जिला पंचायत सदस्यों द्वारा अपने क्षेत्रों से संबंधित उठाए गए विषयों पर कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सदस्यों को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को दिए।
पात्र हितग्राहियों को वितरित किए गए नए राशन कार्ड
सामान्य सभा की बैठक के बाद राशन कार्ड के लिए पात्र हितग्राहियों को जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा नए राशन कार्ड वितरित किए गए तथा हितग्राहियों को शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, सदस्य श्रीमती दीपा पप्पू धुर्वे, श्रीमती अन्नपूर्णा रामगोपाल चंद्राकर, रामकुमार भट्ट, श्रीमती राजेश्वरी धृतलहरे, श्रीमती पूर्णिमा मनीराम साहू, श्रीमती ललिता रूप सिंह धुर्वे, राजकुमार मेरावी, श्रीमती सुमित्रा विजय पटेल, वीरेंद्र कुमार साहू, रोशन दुबे, श्रीमती राजकुमारी राजेंद्र साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा गनपत बघेल, जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा सिंह, जनपद पंचायत पंडरिया की अध्यक्ष नंदनी राजकुमार साहू, विधायक प्रतिनिधि विधानसभा क्षेत्र पंडरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जिला पंचायत के शाखा प्रभारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664





