प्रधानमंत्री आवास योजना से बुंदकी बाई को मिला सुरक्षित आशियाना, अभिसरण से जीवन में आया बदलाव
कवर्धा |

कवर्धा विकासखंड के ग्राम पंचायत मिरमिटी निवासी बुंदकी बाई के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से नई उम्मीद जगी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहीं बुंदकी बाई के लिए पक्का मकान बनाना कभी एक सपना था, लेकिन शासन की योजनाओं से आज उनका परिवार सुरक्षित आवास में रह रहा है।
कच्चे मकान की चिंता से मिली राहत
बुंदकी बाई, पति स्वर्गीय रामझूल, विधवा हैं। परिवार में कुल चार सदस्य हैं और आजीविका के लिए वे मजदूरी करती रही हैं। सीमित आय के कारण पक्का घर बनाना संभव नहीं था। बरसात और खराब मौसम में परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ मिलने से उन्हें पक्का और सुरक्षित मकान मिला। अब परिवार को मौसम की मार से राहत मिली है और घर उनके लिए सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार बना है।
कई योजनाओं के अभिसरण से मिली सुविधाएं
बुंदकी बाई के परिवार को पक्के आवास के साथ अन्य शासकीय योजनाओं का भी लाभ मिला। जी राम जी योजना के तहत आवास निर्माण में 90 दिन के रोजगार और मजदूरी का लाभ, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन और सौभाग्य योजना से बिजली कनेक्शन मिला। नल-जल योजना के माध्यम से पेयजल की सुविधा उपलब्ध हुई।
इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत उन्हें स्व-सहायता समूह से जोड़ा गया, जिससे बचत, सामूहिक गतिविधियों और आजीविका के नए अवसरों से जुड़ने का रास्ता खुला। स्वास्थ्य कार्ड और महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ भी परिवार को मिल रहा है।

योजनाओं से बेहतर जीवन की उम्मीद
बुंदकी बाई के जीवन में आया बदलाव बताता है कि विभिन्न शासकीय योजनाओं का समन्वित लाभ ग्रामीण परिवारों को आवास, रोजगार और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक हो सकता है। सुरक्षित घर मिलने से परिवार को राहत मिली है और बेहतर भविष्य की उम्मीद मजबूत हुई है।
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज 📞 8889540664




