डोंगरियाकला में जलेश्वर महादेव परिसर का होगा विस्तार और सौंदर्यीकरण, विधायक भावना बोहरा ने ₹55.20 लाख के कार्यों का किया भूमिपूजन
भव्य प्रवेश द्वार, सीसी रोड, पेवर ब्लॉक, पेयजल व्यवस्था और सोलर लाइट सहित कई विकास कार्य होंगे

पंडरिया/कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डोंगरियाकला में धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र जलेश्वर महादेव परिसर के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली है। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कुल 55 लाख 20 हजार रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं गांव में आवागमन भी सुगम होगा।
इन विकास कार्यों का होगा निर्माण
भूमिपूजन के दौरान विभिन्न निर्माण एवं सुविधाओं से जुड़े कार्यों की शुरुआत की गई। इनमें प्रमुख रूप से:
- 6 लाख रुपए की लागत से भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण।
- 14 लाख रुपए की लागत से महादेव मंदिर से बीटी रोड तक सीसी रोड निर्माण।
- 10 लाख रुपए की लागत से 7 सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार।
- 5 लाख रुपए की लागत से मंदिर एवं मेला परिसर में जलसंवर्धन कार्य, पानी टंकी और पेयजल व्यवस्था।
- 10 लाख रुपए की लागत से मंदिर एवं मेला परिसर में चेकर टाइल्स और पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य।
- 5 लाख रुपए की लागत से सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना।
- 5 लाख 20 हजार रुपए की लागत से अनुज के घर से मोहित साहू के घर तक सीसी रोड निर्माण।

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी विकास का हिस्सा: भावना बोहरा
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा का विकास केवल सड़क, भवन और बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जलेश्वर महादेव जैसे आस्था के केंद्र हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 38 लाख रुपए की लागत से भवन निर्माण कार्य भी पूर्णता की ओर है, जिसका जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। पंडरिया विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सामुदायिक सुविधाओं के साथ धार्मिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने जलेश्वर महादेव परिसर के विकास को क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग बताते हुए कहा कि इस पहल से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे उपस्थित

भूमिपूजन कार्यक्रम में सर्व कुर्मी क्षत्रिय समाज जिला कबीरधाम के अध्यक्ष लालजी चंद्रवंशी, जिला पंचायत सभापति पूर्णिमा मनीराम साहू, नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष सरिता सोनी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप पुरी गोस्वामी, जनपद सदस्य रानी चंद्रवंशी, मंडल महामंत्री भागीरथी साहू, रविशंकर चंद्रवंशी, वरिष्ठ भाजपा नेता रामकुमार चंद्रकार, समाजसेवी मुरली चंद्राकर, सरपंच बैजनाथ चंद्रवंशी, उपसरपंच लक्ष्मीन निर्मलकर सहित पंचगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664





