सोखता गड्ढा में श्रमदान कर सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने किया जल संरक्षण का आह्वान

“वर्षा जल बचाने की यह मुहिम आने वाली पीढ़ियों को देगी सुखद परिणाम” — सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल
कबीरधाम, 20 मई 2026। जिले में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मोर गांव मोर पानी महा अभियान” के तहत आज जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने विकासखंड सहसपुर लोहारा के ग्राम पंचायत गांगपुर पहुंचकर श्रमदान किया। उन्होंने “जल संचय जन अभियान” के अंतर्गत सोखता गड्ढा निर्माण कार्य में स्वयं भागीदारी निभाते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान सीईओ श्री अग्रवाल ने ग्रामीणों के घरों में बनाए जा रहे सोखता गड्ढों का निरीक्षण किया तथा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत निर्मित कंटूर ट्रेंच का भी अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा के अधिकारी, नरेगा विभाग के कर्मचारी, ग्राम पंचायत के सरपंच-सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सामुदायिक भवन में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सीईओ श्री अग्रवाल ने कहा कि लगातार गिरता भू-जल स्तर आने वाले समय में गंभीर संकट का रूप ले सकता है। उन्होंने प्रत्येक घर में एक-एक सोखता गड्ढा बनाने की अपील करते हुए कहा कि वर्षा जल और घरों से निकलने वाले पानी का संरक्षण भू-जल स्तर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों से इस अभियान से जुड़कर जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए पानी बचाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।




