112 वाहन की टक्कर से युवक घायल, ग्रामीणों ने किया हंगामा
कवर्धा। बीती रात पिपरिया थाना क्षेत्र के बिरकोना गांव में एक बड़ा हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग पर तेज रफ्तार 112 वाहन ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए 112 टीम का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि गांव के शिव मंदिर में शिवलिंग से लिपटे नाग की चोरी कर भाग रहे एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। इसकी सूचना मिलने पर 112 टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को वाहन में बैठाकर थाने ले जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार युवक हादसे का शिकार हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक चली समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया। घायल युवक को 112 टीम द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।





