कबीरधामछत्तीसगढ़पंडरियारायपुर

धान खरीदी में किसानों को न हो कोई परेशानी : जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू

जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक में सहकारिता, उद्योग, पीएचई एवं जिला पंचायत विकास योजना सहित प्रमुख विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा

धान खरीदी में किसानों को न हो कोई परेशानी : जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू

IMG 20251221 WA0002

जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक में सहकारिता, उद्योग, पीएचई एवं जिला पंचायत विकास योजना सहित प्रमुख विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा

कवर्धा। जिला पंचायत कबीरधाम की सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने सहकारी समितियों के माध्यम से धान विक्रय के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सभी पंजीकृत किसानों को समय पर टोकन उपलब्ध कराए जाएं तथा धान उठाव से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की जाएं, ताकि तय समय-सीमा में धान खरीदी का कार्य पूर्ण हो सके।

बैठक में सहकारिता विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा वर्ष 2026-27 के लिए जिला पंचायत विकास योजना के विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की गई। सामान्य सभा की अध्यक्षता अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने की। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अजय कुमार त्रिपाठी एवं उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी उपस्थित रहे।

सहकारिता विभाग की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 398 पंजीकृत सहकारी समितियां हैं, जिनमें से 270 कार्यशील हैं। वर्ष 2025-26 में 338 समितियों के संपरिक्षा का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से नवंबर माह तक 90 समितियों का संपरिक्षा पूर्ण किया जा चुका है। जिले की बिरकोना एवं कुकदूर सहकारी समिति में प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र संचालित हैं तथा 90 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां लोक सेवा केन्द्र के रूप में कार्य कर रही हैं।

अध्यक्ष श्री साहू ने किसानों द्वारा रकबा संशोधन के लिए प्रस्तुत आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पूर्व आकलन कर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सरदार लौह पुरुष सहकारी शक्कर कारखाने से संबंधित कर्मचारियों की जानकारी उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी द्वारा मांगी गई, जिस पर विभाग ने सूची उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में जिला पंचायत सदस्यों द्वारा खाद-बीज भंडारण, टोकन वितरण, राइस मिल संचालन एवं जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यों की स्थिति पर भी प्रश्न उठाए गए। विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में 108 केन्द्रों से टोकन वितरण किया जा रहा है तथा 630 आरसीसी पानी टंकियों में से 414 पूर्ण एवं 208 निर्माणाधीन हैं। 274 पानी टंकियों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जा चुका है।

सदस्यों द्वारा विभिन्न ग्रामों में पाइपलाइन टूटने, नल मरम्मत एवं हैण्डपंप की आवश्यकता के विषय उठाए गए, जिस पर सीईओ जिला पंचायत श्री अजय कुमार त्रिपाठी ने संबंधित ठेकेदारों को तय मानकों के अनुसार कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की जानकारी दी गई, जिसमें क्रमशः 15 एवं 35 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान बताया गया।

सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक

सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक में जिला पंचायत के त्रैमासिक आय-व्यय पर चर्चा की गई। बताया गया कि विभिन्न मदों में 3 करोड़ 7 लाख 91 हजार 735 रुपये की प्राप्ति तथा 19 लाख 42 हजार 713 रुपये का व्यय हुआ है।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत जिले में 1,30,624 परिवारों को जोड़ने के लक्ष्य के विरुद्ध 91,711 परिवारों को समूहों से जोड़ा जा चुका है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 9,052 समूहों का गठन किया गया है। लखपति दीदी योजना के अंतर्गत 51,237 के लक्ष्य के विरुद्ध 28,368 लखपति दीदी बनाए जाने की जानकारी दी गई।

बैठक में समूहों को रिवॉल्विंग फंड, चक्रिय निधि एवं बैंक लिंकेज के माध्यम से समय पर वित्तीय सहायता दिए जाने की जानकारी भी दी गई।

KT Chhattisgarh News

खिलेश्वर सिन्हा KT CHHATTISGARH NEWS के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे कवर्धा एवं कबीरधाम सहित छत्तीसगढ़ की स्थानीय, सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाते हैं। KT CHHATTISGARH NEWS का उद्देश्य विश्वसनीय, निष्पक्ष और त्वरित समाचार उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page