नवा तरिया आय के जरिया अभियान को बनाएं जन आंदोलन: सीईओ अभिषेक अग्रवाल

कवर्धा | 19 अप्रैल 2026
जल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “नवा तरिया आय के जरिया” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने दिए। विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देकर अधिक से अधिक ग्रामीणों को इससे जोड़ा जाए।
सीईओ ने महात्मा गांधी नरेगा के तहत कार्यों का चयन ग्रामीणों की मांग के अनुसार करने, गुणवत्ता बनाए रखने और समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और प्रधानमंत्री जनमन आवास के लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने तथा अप्रारंभ कार्यों को एक सप्ताह के भीतर शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही हितग्राहियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना की जानकारी देकर उन्हें इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला समूहों द्वारा किए जा रहे कचरा संग्रहण कार्य को आजीविका से जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
📌 क्या है “नवा तरिया आय के जरिया” अभियान?
यह अभियान जल संरक्षण और रोजगार सृजन को एक साथ जोड़ने की पहल है। इसके तहत नए तालाबों का निर्माण कर मछली पालन और सिंचाई को बढ़ावा दिया जाएगा।
👉 जिले में अब तक 31 कार्य (5.08 करोड़ रुपये) प्रस्तावित
👉 करीब 1.60 लाख मानव दिवस रोजगार मिलने का अनुमान
इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।




