KawardhaChhattisgarhकबीरधामछत्तीसगढ़पंडरियाबोड़लामनोरंजन

पांचवें वर्ष भी अमरकंटक में कांवड़ यात्रियों की सेवा करेंगी विधायक भावना बोहरा, 30 जुलाई से 24 अगस्त तक निःशुल्क भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था

पांचवें वर्ष भी अमरकंटक में कांवड़ यात्रियों की सेवा करेंगी विधायक भावना बोहरा, 30 जुलाई से 24 अगस्त तक निःशुल्क भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था

कवर्धा। सावन माह में भगवान शिव की आराधना के लिए अमरकंटक पहुंचने वाले कबीरधाम जिले के कांवड़ यात्रियों की सुविधा हेतु पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने लगातार पांचवें वर्ष निःशुल्क भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था की है। यह सेवा 30 जुलाई से 24 अगस्त तक अमरकंटक में संचालित होगी।

 

भावना समाज सेवी संस्थान के माध्यम से मेला मैदान (डोम), नया नगर पालिका परिसर, अमरकंटक (जिला अनूपपुर, मध्यप्रदेश) में शिवभक्तों के लिए सात्विक भोजन, पेयजल, विश्राम स्थल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सेवा का लाभ लेने अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए श्रद्धालु 97553-59004 एवं 97544-62000 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की सेवा करने का अवसर उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सेवा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और शिवभक्तों के प्रति सम्मान का प्रतीक है, जिसे आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि गत वर्ष उन्हें स्वयं अमरकंटक स्थित माँ नर्मदा मंदिर से कांवड़ यात्रा करने का अवसर मिला था। उन्होंने सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ माँ नर्मदा का पवित्र जल लेकर डोंगरिया महादेव होते हुए भोरमदेव मंदिर तक लगभग 151 किलोमीटर की यात्रा पूरी की और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

 

भावना बोहरा ने कहा कि अमरकंटक स्थित माँ नर्मदा का उद्गम स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। सावन मास में हजारों शिवभक्त यहां से पवित्र जल लेकर कांवड़ यात्रा प्रारंभ करते हैं। ऐसे में उनकी सेवा करना भारतीय संस्कृति में अत्यंत पुण्य का कार्य माना गया है।

 

उन्होंने बताया कि सेवा शिविर में भोजन और विश्राम के साथ-साथ कांवड़ यात्रियों की मूलभूत आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। प्रतिदिन भोलेनाथ की भव्य महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

 

विधायक ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, अनुशासन, त्याग और समर्पण की जीवंत परंपरा है। शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए दायित्व नहीं, बल्कि सौभाग्य है। उनका प्रयास है कि कबीरधाम सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले प्रत्येक कांवड़ यात्री को आत्मीयता, सम्मान और सहयोग का अनुभव हो। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सेवा अभियान में जनता का स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद आगे भी मिलता रहेगा।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page