झटका तार बना काल: बेटे को बचाने दौड़े पिता की भी गई जान, खेत में करंट लगने से दोनों की दर्दनाक मौत
सहसपुर लोहारा | कबीरधाम
कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम बीरनपुर कला में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में खेत में लगाए गए विद्युत झटका तार (इलेक्ट्रिक फेंसिंग) की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, किसान गोकरण पटेल (55) अपने पुत्र परमेश पटेल (22) के साथ धान की बुआई के लिए खेत पहुंचे थे। खेत की मेड़ पर जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए झटका तार लगाया गया था। लगातार बारिश के कारण खेत में पानी भरने से करंट का खतरा और बढ़ गया था।

काम के दौरान परमेश करंट की चपेट में आ गया। बेटे को बचाने के लिए दौड़े पिता गोकरण पटेल भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक दोनों के घर नहीं लौटने पर गोकरण पटेल की पत्नी भोजन लेकर खेत पहुंचीं। वहां दोनों को जमीन पर पड़ा देख उन्होंने शोर मचाया। ग्रामीणों ने बिजली का प्रवाह बंद कराया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर सहसपुर लोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि खेत में लगाया गया विद्युत झटका तार किस प्रकार से बिजली स्रोत से जोड़ा गया था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में फसलों की सुरक्षा के नाम पर अवैध झटका तार लगाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से ऐसे मामलों में विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने तथा किसानों को सुरक्षित विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की है।




