कर्रेगुट्टा पर लहराया तिरंगा, 600 किमी की बस्तर तिरंगा यात्रा का हुआ समापन
कवर्धा, 14 अगस्त 2026। बस्तर तिरंगा यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने करीब 600 किलोमीटर की बाइक यात्रा पूरी कर कर्रेगुट्टा की पहाड़ी पर तिरंगा फहराया।

यात्रा बीजापुर से शुरू होकर आवापल्ली, गलगम, उसूर, नम्बी और ताड़पाला होते हुए कर्रेगुट्टा पहुंची। यहां मंत्रीद्वय ने जवानों से मुलाकात कर शहीदों की स्मृति में पौधारोपण किया और स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ध्वजारोहण किया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि करेगुट्टा पर तिरंगा फहराना उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने जवानों के पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई निर्णायक दौर में है और लोगों के मन से भय व भ्रम दूर हो रहा है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कभी जिस क्षेत्र में जाने से लोग डरते थे, आज वहां तिरंगा शान से लहरा रहा है। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि 79 वर्ष बाद इन क्षेत्रों में तिरंगे का सम्मान और शान के साथ लहराना ऐतिहासिक अवसर है।
यात्रा के दौरान आवापल्ली, गलगम, उसूर, नम्बी, ताड़पाला और कर्रेगुट्टा क्षेत्र में शहीदों की स्मृति में पौधारोपण किया गया तथा शहादत की मिट्टी एकत्र की गई। ग्रामीणों और बच्चों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘तिरंगे की जय’ के नारों के साथ यात्रा का आत्मीय स्वागत किया।




