जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंजा पंडरिया, दही हांडी प्रतियोगिता में उमड़ा जनसैलाब

पंडरिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पंडरिया विधानसभा में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में भारतीय जनता युवा मोर्चा पंडरिया विधानसभा द्वारा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं भव्य दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में पंडरिया, कुई-कुकदुर और दुल्लापुर मंडल की 15 टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबले में ग्राम रौहा और ग्राम केसलीगोडान की संयुक्त टीम ने प्रथम, ग्राम मैनपुरा की टीम ने द्वितीय और स्टार गोल्ड पंडरिया की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विधायक भावना बोहरा ने विजेता टीम को ₹25 हजार एवं ट्रॉफी, उपविजेता को ₹15 हजार एवं ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को ₹11 हजार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दही हांडी प्रतियोगिता युवाओं को टीमवर्क, अनुशासन, साहस और नेतृत्व जैसे गुणों से जोड़ने का माध्यम है।

भावना बोहरा ने कहा कि “भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्तव्य, साहस, नीति, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है।” उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी जैसे पर्व नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा मोर्चा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

आयोजन की श्रृंखला के तहत 5 सितंबर को दशरंगपुर के बजरंग चौक में इन्दौरी एवं रणवीरपुर मंडल की टीमों के बीच श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।





