अमृत सरोवर में मनाया गया संविधान दिवस, ग्रामीणों ने की सामूहिक शपथ
कबीरधाम।
जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी नरेगा से निर्मित अमृत सरोवर सामाजिक समरसता का केंद्र बना रहा। संविधान दिवस के अवसर पर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान अमृत सरोवर परिसर में साफ–सफाई, जल संरक्षण अभियान, वृक्षारोपण, तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी दी।
ग्रामीणों ने अमृत सरोवर से गाद निकालकर जल संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही स्कूली बच्चों ने रैली निकालकर प्रस्तावना की शपथ ली।
इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर संविधान निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने बताया कि अमृत सरोवर सामाजिक समरसता, भाईचारा और जनजागरूकता का केंद्र बन रहे हैं। इसी क्रम में संविधान दिवस पर जिलेभर में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिले में अब तक तीन चरणों में 112 अमृत सरोवरों का निर्माण किया जा चुका है, और सभी स्थानों में संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि “एक प्रण – जल संरक्षण” थीम के तहत अमृत सरोवरों की बड़े पैमाने पर साफ-सफाई जनभागीदारी से की गई है।





