कबीरधामछत्तीसगढ़पंडरियारायपुर

03 अगस्त की भोरमदेव पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने की अपील, जिला पंचायत की सामान्य सभा में तैयारियों की समीक्षा

03 अगस्त की भोरमदेव पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने की अपील, जिला पंचायत की सामान्य सभा में तैयारियों की समीक्षा

कवर्धा जिला पंचायत कबीरधाम की सामान्य सभा की बैठक में सावन के प्रथम सोमवार 03 अगस्त को आयोजित होने वाली भोरमदेव पदयात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने की। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित पदयात्रा में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

IMG 20260801 WA0012

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी सहित जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अध्यक्ष ने चिकित्सा, पेयजल, स्वल्पाहार, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से टीकाकरण, पोषण, स्वास्थ्य जांच और शाला पूर्व शिक्षा जैसी सेवाएं संचालित की जा रही हैं। महतारी वंदन योजना के तहत जिले की 2,50,751 महिलाओं को लाभ मिल रहा है तथा अब तक 680.25 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में भेजी जा चुकी है।

जल संसाधन विभाग ने जानकारी दी कि जिले के प्रमुख जलाशयों में इस वर्ष पर्याप्त जलभराव है। बैराखार और सरोधा जलाशयों से सिंचाई एवं निस्तारी के लिए पानी उपलब्ध कराने सहित वर्ष 2025-26 के अंतर्गत सिंचाई विस्तार और जल संरक्षण के 13 कार्यों की जानकारी भी सदन को दी गई।

जिला पंचायत विकास योजना 2026-27 पर चर्चा करते हुए बताया गया कि 16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नौ प्रमुख विषयों—गरीबी मुक्त पंचायत, स्वस्थ ग्राम, पर्याप्त जल, स्वच्छ एवं हरित गांव, महिला हितैषी गांव सहित अन्य प्राथमिकताओं पर कार्यों का चयन किया जाएगा।

बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, खाद-बीज भंडारण और जल आपूर्ति जैसे जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए। सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सदस्यों द्वारा उठाए गए विषयों का समय-सीमा में निराकरण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।

इसके पूर्व सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक में जिला पंचायत के त्रैमासिक आय-व्यय और समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई। समाज कल्याण विभाग ने बताया कि जिले में विभिन्न 7 पेंशन योजनाओं के तहत 84,114 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं तथा जून माह में 1.43 करोड़ रुपये से अधिक की पेंशन राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में अंतरित की गई। बैठक में दिव्यांग छात्रवृत्ति, दिव्यांग विवाह योजना, कृत्रिम अंग सहायक योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना सहित अन्य योजनाओं की भी जानकारी प्रस्तुत की गई।

KT Chhattisgarh News

खिलेश्वर सिन्हा KT CHHATTISGARH NEWS के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे कवर्धा एवं कबीरधाम सहित छत्तीसगढ़ की स्थानीय, सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाते हैं। KT CHHATTISGARH NEWS का उद्देश्य विश्वसनीय, निष्पक्ष और त्वरित समाचार उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page