पंडरियाChhattisgarhKawardhaकबीरधामछत्तीसगढ़रायपुरलोहारा

पंडरिया को मिलेगी विकास की नई रफ्तार, 9 जनवरी को उप मुख्यमंत्री अरुण साव का नगर आगमन

विकास कार्यों के लोकार्पण–भूमिपूजन के साथ पंडरिया को मिलेगी कई सौगातें

पंडरिया को मिलेगी विकास की नई रफ्तार, 9 जनवरी को उप मुख्यमंत्री अरुण साव का नगर आगमन

IMG 20250201 WA0055

विकास कार्यों के लोकार्पण–भूमिपूजन के साथ पंडरिया को मिलेगी कई सौगातें

पंडरिया | पंडरिया विधानसभा के लिए 9 जनवरी का दिन विकास के नए अध्याय की शुरुआत लेकर आ रहा है। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्री श्री अरुण साव का 9 जनवरी को पंडरिया नगर आगमन प्रस्तावित है। उनके मुख्य आतिथ्य में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में सुबह 10 बजे से नगर पालिका परिषद पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने बताया कि यह पंडरिया विधानसभा के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री स्वयं पंडरिया आकर जनता को विकास कार्यों की सौगात देंगे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार के नेतृत्व में पंडरिया विधानसभा में विकास की गति तेज हुई है और इसका प्रत्यक्ष लाभ जनता को मिल रहा है।

विधायक भावना बोहरा ने बताया कि इस समारोह के दौरान सड़क, पुल, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना निर्माण और सामुदायिक भवनों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, वहीं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई योजनाओं का भूमिपूजन भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम विकसित पंडरिया की दिशा में एक मजबूत आधारशिला साबित होगा।

कार्यक्रम को और भी भव्य बनाने के लिए छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकार श्री विवेक शर्मा द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा की समस्त जनता से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनें।

भावना बोहरा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कुशासन में पांच वर्षों तक उपेक्षित रहा पंडरिया विधानसभा, अब बीते दो वर्षों में डबल इंजन भाजपा सरकार के कुशल नेतृत्व में तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। गांव-गांव तक बेहतर सड़कें, मजबूत शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था, खेल सुविधाएं, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकताओं का विस्तार क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित कर रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि किसी भी प्रदेश और देश की प्रगति का रास्ता गांवों के विकास से होकर गुजरता है। इसी सोच के साथ भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना को सशक्त कर रही है। ग्रामीण महिलाओं, किसानों और युवाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षित है। विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भाजपा सरकार के विकास संकल्प को मजबूती दें और पंडरिया के उज्ज्वल भविष्य की इस ऐतिहासिक घड़ी के सहभागी बनें।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page