प्रधानमंत्री आवास निर्माण में तेजी लाने निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं: सीईओ जिला पंचायत
कवर्धा | 04 अप्रैल 2026

जनपद पंचायत पंडरिया क्षेत्र में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं प्रधानमंत्री जनमन योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवासों का निर्माण समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जनपद पंचायत पंडरिया के अंतर्गत सभी आवास मित्र, ग्राम रोजगार सहायक, सचिव एवं तकनीकी सहायकों की कार्यवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रथम किस्त प्राप्त लेकिन अभी तक प्रारंभ नहीं हुए आवासों को तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही हितग्राहियों से निरंतर संपर्क बनाए रखकर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।
सीईओ श्री अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन आवासों को द्वितीय एवं तृतीय किस्त जारी हो चुकी है, उनका छत ढलाई कार्य ग्रीष्म ऋतु में जल संकट से पहले पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक आवास में सोक पीट निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए निर्माण में बची सामग्री जैसे ईंट के टुकड़े, रेत और गिट्टी का उपयोग करने हेतु हितग्राहियों को प्रेरित करने कहा गया।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के आवास निर्माण को गति देने के लिए क्लस्टर बनाकर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के स्व सहायता समूहों की दीदियों को भी जोड़ा जाएगा, जो घर-घर संपर्क कर निर्माण कार्य पूर्ण कराने में सहयोग करेंगी।
समीक्षा के दौरान जियो टैगिंग, खाता एवं आधार वेरिफिकेशन जैसी तकनीकी समस्याओं का भी समाधान किया गया। बैठक में जनपद पंचायत पंडरिया के सीईओ, जिला समन्वयक प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





