वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी सौगात: कवर्धा में बनेगा सर्वसुविधायुक्त “सियान सदन”

कवर्धा। शहर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा सर्वसुविधायुक्त “सियान सदन” भवन का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, पेंशनर अधिकारी-कर्मचारी एवं नगर पालिका की टीम उपस्थित रही।

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान व सुविधा के लिए नगर पालिका लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाला “सियान सदन” वरिष्ठजनों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि सियान सदन में हॉल, लाइब्रेरी, बैडमिंटन कोर्ट, शतरंज सहित विभिन्न मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को घर से लाने-ले जाने के लिए बैटरी चलित ऑटो की भी व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम में आवश्यक कार्यवश उपस्थित नहीं हो सके उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दूरभाष के माध्यम से वरिष्ठजनों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुविधाओं के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।





