प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली विश्वासा बाई की जिंदगी
कच्चे घर की मुश्किलों से मिली राहत, अब पक्के मकान में सम्मानपूर्वक जीवन
कवर्धा, 18 मई 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने कबीरधाम जिले की एक और जरूरतमंद महिला के जीवन में खुशियों की नई रोशनी भर दी है। ग्राम सेन्हाभाठा निवासी श्रीमती विश्वासा बाई, जो वर्षों तक जर्जर कच्चे मकान में परिवार सहित कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करने को मजबूर थीं, आज अपने पक्के और सुरक्षित घर में सम्मानपूर्वक जीवन जी रही हैं।
पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी अकेले संभाल रही विश्वासा बाई मजदूरी कर किसी तरह रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करती थीं। सीमित आय और संसाधनों की कमी के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए केवल सपना बनकर रह गया था। बरसात में टपकती छत, दीवारों में सीलन और घर में भरता पानी हर साल उनके परिवार के लिए परेशानी और चिंता का कारण बनता था।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2025-26 में उन्हें आवास स्वीकृत हुआ। योजना अंतर्गत 40 हजार रुपए की प्रथम किश्त, 55 हजार रुपए की द्वितीय किश्त एवं 25 हजार रुपए की अंतिम किश्त सीधे बैंक खाते में डीबीटी माध्यम से जारी की गई। ग्राम पंचायत एवं विभागीय मार्गदर्शन से उनका पक्का मकान तैयार हुआ।
इसके साथ ही परिवार को मनरेगा से 90 दिनों का रोजगार और 23 हजार 490 रुपए मजदूरी, स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय, उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन, नल-जल योजना से पेयजल, दीनदयाल योजना से बिजली, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत जिले में हजारों ग्रामीण परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने जानकारी दी कि वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में कुल 50,871 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 32,740 परिवार गृह प्रवेश कर चुके हैं।
नए पक्के घर में रहने के बाद विश्वासा बाई ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है। पक्का घर बनने से बरसात और अन्य मौसमों की चिंता खत्म हो गई है।





