कबीरधाम से वीबी-जी राम जी योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार
📍कवर्धा | 2 जुलाई 2026
कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत गंडईखुर्द से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान तिरुपति से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने योजना के तहत गंडईखुर्द में शेड निर्माण को प्रदेश का पहला स्वीकृत विकास कार्य घोषित किया। उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ रोजगार नहीं, बल्कि गांवों को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने का अभियान है।

नई योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों का रोजगार मिलेगा और अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 300 रुपये होगी। योजना में 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं, जिनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य प्रमुख हैं।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर योजना का संदेश दिया। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।
https://youtube.com/shorts/thxQ_g5EGYI?feature=share
#Kabirdham #Kawardha #VBGRamJiYojana #VijaySharma #ShivrajSinghChouhan #ChhattisgarhNews #KTChhattisgarhNews




