पंडरिया को मिली बड़ी सौगात, 1.99 करोड़ की लागत से बनेगा 250 सीटर आधुनिक ऑडिटोरियम
विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से मिली प्रशासकीय स्वीकृति, शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक आयोजनों को मिलेगा आधुनिक मंच

पंडरिया। पंडरिया नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से पंडरिया नगर में 1 करोड़ 99 लाख 50 हजार रुपये की लागत से 250 सीटर आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की इस मंजूरी के बाद नगर में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त सभागार का निर्माण होगा।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि ऑडिटोरियम बनने से विद्यार्थियों, युवाओं, कलाकारों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं को एक सर्वसुविधायुक्त मंच मिलेगा। यहां सेमिनार, करियर काउंसलिंग, प्रशिक्षण कार्यशालाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साहित्यिक आयोजन, सम्मान समारोह, संगोष्ठियां तथा सरकारी योजनाओं से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आसानी से आयोजित किए जा सकेंगे।
उन्होंने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
विधायक ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, खेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पंडरिया विधानसभा में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें कई पूरे हो चुके हैं और कई निर्माणाधीन हैं।
हरिनाल पुल, पंडरिया बाईपास, नगर के मुख्य मार्गों का निर्माण, नवीन नगर पालिका भवन, नालंदा परिसर लाइब्रेरी, व्यवहार न्यायालय भवन, मिनी स्टेडियम और अन्य जनसुविधाओं के विकास कार्यों के साथ अब 250 सीटर ऑडिटोरियम भी पंडरिया की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। :::





