सर्व यादव समाज ने नवपदस्थ एसपी से की मुलाकात, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव पर हुई चर्चा
कवर्धा। जिला सर्व यादव समाज के पदाधिकारियों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया। जिला अध्यक्ष चंद्रेश यादव एवं युवा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों और युवाओं ने जिले की कानून-व्यवस्था, सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और युवाओं की सकारात्मक भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है। पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर संवाद एवं सहयोग से सामाजिक वातावरण को और मजबूत किया जा सकता है।
जिला अध्यक्ष चंद्रेश यादव ने कहा कि सर्व यादव समाज कानून का सम्मान करते हुए सामाजिक सद्भाव, शांति और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन के साथ सकारात्मक सहयोग करता रहेगा। युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने और जनहित से जुड़े कार्यों में उनकी सहभागिता बढ़ाने के प्रयास भी जारी रहेंगे।
जन्माष्टमी पर मांस बिक्री और शराब दुकानों पर प्रतिबंध की मांग
एसपी से मुलाकात के बाद सर्व यादव समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर गोपाल वर्मा से भी मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने आगामी जन्माष्टमी पर्व के दौरान मांस बिक्री पर प्रतिबंध लगाने और शराब दुकानें बंद रखने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि जन्माष्टमी धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। पर्व के दौरान शांतिपूर्ण एवं धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जानी चाहिए।
समाज भवन की जमीन पर अतिक्रमण रोकने की मांग
प्रतिनिधियों ने भारत माता चौक के पास स्थित सर्व यादव समाज भवन को लेकर भी कलेक्टर एवं नगर पालिका अध्यक्ष सीपी चंद्रवंशी को ज्ञापन सौंपा। समाज ने भवन की जमीन पर अतिक्रमण रोकने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
प्रतिनिधियों ने समाज भवन और उससे जुड़ी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से उचित कदम उठाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष ओम यदु, डॉ. एनएल यदु, संरक्षक राकेश यदु, युवा अध्यक्ष चंद्रेश यादव, कनस यादव, दिनेश यादव, चंद्रकांत यादव, रूपेश यादव, श्याम यादव, राकेश यादव, तुलसी यादव, राजकमल यादव, जीवन यादव, संदीप यादव सहित सर्व यादव समाज युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।





