कुंडा में दही हांडी का रोमांच: पेंड्रीकला की टोली बनी विजेता, विधायक भावना बोहरा ने बढ़ाया युवाओं का उत्साह
कुंडा में गूंजा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उल्लास, दही हांडी प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया जोश

विधायक भावना बोहरा ने विजेता टीमों को बांटे पुरस्कार, पेंड्रीकला की टोली रही प्रथम
कुंडा/पंडरिया। भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंडरिया विधानसभा द्वारा विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में 3 सितंबर को बस स्टैंड कुंडा के पास श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धर्म, संस्कृति, उत्साह और सामाजिक एकता का संगम देखने को मिला। प्रतियोगिता में कुंडा एवं पांडातराई मंडल की कुल 10 टोलियों ने हिस्सा लिया, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

दही हांडी प्रतियोगिता में ग्राम पेंड्रीकला की टोली ने प्रथम स्थान हासिल किया। कुंडा की दो टोलियों ने क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। विधायक भावना बोहरा ने विजेता प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर बधाई दी। प्रथम स्थान प्राप्त टीम को ₹25,000 एवं ट्रॉफी, द्वितीय टीम को ₹15,000 एवं ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को ₹11,000 एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने युवाओं के साहस, सामूहिक प्रयास, अनुशासन और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि दही हांडी जैसे आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ समाज में भाईचारा, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। विकास कार्यों के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों को बढ़ावा देने से क्षेत्र में जनभागीदारी और उत्सव का वातावरण मजबूत हो रहा है।
विधायक ने आयोजन की तैयारियों के लिए भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं मंडल टीमों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं की ऊर्जा, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक भावना को सकारात्मक दिशा मिलती है।
बताया गया कि पंडरिया विधानसभा में कुल 3 स्थानों पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। 3 सितंबर को कुंडा एवं पांडातराई मंडल में आयोजन के बाद 5 सितंबर को बजरंग चौक, दशरंगपुर में इन्दौरी एवं रणवीरपुर मंडल तथा पंडरिया, दुल्लापुर और कुई-कुकदुर मंडल क्षेत्र में भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, युवा मोर्चा के सदस्य, जनप्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




