दशरंगपुर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम, दही हांडी विजेता टीमों को विधायक भावना बोहरा ने किया पुरस्कृत
दशरंगपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंडरिया विधानसभा द्वारा बजरंग चौक दशरंगपुर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए।

विधायक भावना बोहरा ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा दही हांडी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 5 टीमों ने हिस्सा लिया और युवाओं ने मानव पिरामिड बनाकर हांडी फोड़ने के लिए जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में ग्राम लिटीपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹25,000 एवं ट्रॉफी, ग्राम मरका की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर ₹15,000 एवं ट्रॉफी तथा ग्राम गोछिया पेंड्री की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹11,000 एवं ट्रॉफी हासिल की।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने युवाओं को श्रीकृष्ण के विचारों और संस्कारों से जुड़ने का संदेश देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ हमारी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





