पोड़ी और हरिनछपरा में हरियाली को लेकर की गई नई पहल, 3 एकड़ में हुआ वृहद वृक्षारोपण कार्य सम्पन्न
VB-G RAM G योजना के तहत एग्रिकान समिति के सहयोग से लगाए गए फलदार एवं छायादार पौधे
कवर्धा। पर्यावरण संरक्षण और गांवों को हरा-भरा बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा पहल की जा रही है। इसी क्रम में VB-G RAM G योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ एग्रिकान समिति के सहयोग से ग्राम पंचायत पोड़ी एवं हरिनछपरा में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

दोनों ग्रामों में 1.5-1.5 एकड़ यानी कुल 3 एकड़ क्षेत्र में विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों, शिक्षकों, स्कूली विद्यार्थियों, ग्रामीणों और एग्रिकान समिति की टीम ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
पोड़ी में 1.5 एकड़ में पौधरोपण का कार्य
ग्राम पोड़ी में सरपंच मिथला मोतीराम साहू, जनपद सदस्य रविसदभावना वर्मा, उपसरपंच मुकेश कुंभकार सहित पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पौधरोपण किया गया। महिला समूह की सदस्यों, ग्रामीणों एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भी पौधे लगाए।
हरिनछपरा में मुक्तिधाम परिसर में रोपे गए पौधे
ग्राम हरिनछपरा के मुक्तिधाम परिसर में सरपंच रेखा ध्रुवे की उपस्थिति में 1.5 एकड़ क्षेत्र में वृक्षारोपण किया गया। यहां भी स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं, ग्रामीण महिलाओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

दोनों स्थानों पर आम, अमरूद, नींबू, नीम, करौंदा, आंवला, कदंब, कटहल और जामुन सहित कई प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
पौधों की सुरक्षा और देखभाल का लिया गया संकल्प
कार्यक्रम में एग्रिकान समिति के कबीरधाम जिला समन्वयक दीपक बागरी, प्रोग्राम ऑफिसर कविता लांझी एवं सुरेंद्र सोनकर, INRM एक्सपर्ट अंकित मिश्रा एवं दीपाली पटेल सहित टीम के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। लगाए गए पौधे भविष्य में गांवों को स्वच्छ हवा, छाया और बेहतर पर्यावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अंत में जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और अपने गांवों को अधिक से अधिक हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट: खिलेश्वर सिन्हा
KT CHHATTISGARH NEWS
📞 8889540664





