KT छत्तीसगढ़ न्यूज
कुई-कुकदूर की छात्राओं को मिली निःशुल्क बस सेवा, ₹5.96 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
कवर्धा/कुई-कुकदूर। पंडरिया विधायक भावना बोहरा की पहल पर कुई-कुकदूर महाविद्यालय की छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू की गई। वहीं कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्र में ₹5 करोड़ 96 लाख 96 हजार के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय कुई-कुकदूर के नवीन भवन, कुई-कुकदूर तहसील कार्यालय भवन तथा ग्राम कुई और कुकदूर में महतारी सदन निर्माण से जुड़े कार्य शामिल रहे।
विधायक भावना बोहरा के आग्रह पर मंत्री टंकराम वर्मा ने ग्राम कापादाह में नवीन शासकीय महाविद्यालय की स्थापना तथा पंडरिया एवं पांडातराई महाविद्यालय में ऑडिटोरियम निर्माण और परिसर विकास के लिए ढाई-ढाई करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

विधायक भावना बोहरा ने बताया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में अब कुल 9 निःशुल्क बस सेवाएं संचालित होंगी, जिनसे अब तक 1500 से अधिक बेटियों को लाभ मिला है। नई बस सेवा से अमनिया, नेऊर, दमगढ़, अमेरा, कुर्सीकछार, कुई सहित आसपास के गांवों की छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं को सुलभ बनाना है। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि किसी भी बेटी की पढ़ाई आवागमन या आर्थिक परेशानी के कारण नहीं रुकनी चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
KT CHHATTISGARH NEWS खिलेश्वर सिन्हा | 8889540664



