चिल्फी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कंटेनर के गुप्त चेंबर से 407 किलो गांजा बरामद, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
2 करोड़ 3 लाख रुपये से अधिक के गांजे की जब्ती, ट्रक और मोबाइल सहित कुल 2.29 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त। ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे गांजा।

कबीरधाम जिले की चिल्फी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 407 किलो 330 ग्राम गांजा के साथ उत्तरप्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए कंटेनर ट्रक में ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष गोपनीय चेंबर बना रखा था। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर चिल्फी पुलिस ने एनएच-30 पर नाकाबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बने गोपनीय चेंबर से खाकी टेप में लिपटे 192 पैकेट बरामद हुए। जांच में इनका कुल वजन 407 किलो 330 ग्राम गांजा पाया गया।
उत्तरप्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने ट्रक में सवार राजू यादव (27 वर्ष) और विकास यादव (26 वर्ष), दोनों निवासी जिला अलीगढ़, उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 21 नवंबर को ओडिशा के सुनकीघाटी से गांजा लेकर उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ जा रहे थे।
2.29 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 407 किलो 330 ग्राम गांजा, 26 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 10 हजार रुपये का रेडमी मोबाइल फोन जब्त किया है। कुल जब्त मशरूका की कीमत 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 30/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा तस्करी नेटवर्क, गांजा सप्लाई करने वाले अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी बीरेंद्र वर्मा, एएनटीएफ प्रभारी महेश प्रधान सहित चिल्फी पुलिस एवं एएनटीएफ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर – KHILESHWAR SINHA
KT CHHATTISGARH NEWS
संपर्क – 8889540664





