कवर्धा में नपाध्यक्ष सख्त: अधिकारियों की ली क्लास, लापरवाही पर कार्रवाई तय

जनता की सेवा और शहर विकास पहली प्राथमिकता, शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कवर्धा: नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने विभागवार समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर विकास और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना ही उनकी पहली प्राथमिकता है।
नपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर काम करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। नपाध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई तय है।
उन्होंने पेयजल, साफ-सफाई, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड और निराश्रित पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता में रखते हुए सभी पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में सभापति, पार्षदगण एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




