मोर गांव मोर पानी अभियान से लौटी जल समृद्धि, बारिश में लबालब हुईं डबरियां और नवा तरिया
कवर्धा। कबीरधाम जिले में ‘मोर गांव मोर पानी’ महाअभियान के सकारात्मक परिणाम अब साफ दिखाई देने लगे हैं। बारिश शुरू होते ही अभियान के तहत बनाई गई 253 आजीविका डबरियां, 25 नवा तरिया और 4,975 कंटूर ट्रेंच पानी से भरने लगी हैं, जिससे जिले में बड़े स्तर पर जल संरक्षण हो रहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार, 253 आजीविका डबरियों और 25 नवा तरिया के माध्यम से 4,32,404 घन मीटर वर्षा जल का संग्रहण होगा। वहीं 4,975 कंटूर ट्रेंच से लगभग 53.72 लाख लीटर वर्षा जल संरक्षित किया जाएगा।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि जल संरक्षण के साथ ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। इसके परिणामस्वरूप भू-जल स्तर में सुधार, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, मत्स्य पालन और उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने लोगों से वर्षा जल संरक्षण के लिए अपने घरों में भी सोख्ता गड्ढे बनाने और अभियान में सहभागिता निभाने की अपील की है।





