कवर्धा: 32 हजार से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में ₹22.03 करोड़, 2023 सीजन का बोनस वितरण भी शुरू
कवर्धा। जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, कवर्धा ने वर्ष 2026 के तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक और वर्ष 2023 सीजन के प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का ऑनलाइन भुगतान शुरू कर दिया है।

वर्ष 2026 में जिले की 19 प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के 24 लॉट और 269 फड़ों में 40,100 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य रखा गया था। इसके विरुद्ध 40,234.435 मानक बोरा संग्रहित किया गया, जो लक्ष्य का 100.34 प्रतिशत है।
इस संग्रहण के एवज में 32,688 संग्राहकों को कुल ₹22.12 करोड़ पारिश्रमिक दिया जाना है। 8 जुलाई 2026 तक 32,464 संग्राहकों के खातों में ₹22.03 करोड़ (99.58%) ऑनलाइन ट्रांसफर किए जा चुके हैं। शेष पात्र संग्राहकों को भी जल्द भुगतान किया जाएगा।

वहीं, वर्ष 2023 तेंदूपत्ता सीजन के प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का वितरण भी 8 जुलाई 2026 से शुरू हो गया है। उस वर्ष 19 में से 13 समितियाँ लाभ में रहीं, जिनके 21,010 संग्राहकों को कुल ₹2.31 करोड़ बोनस का ऑनलाइन भुगतान किया जा रहा है।
बोनस पाने वाली प्रमुख समितियाँ: खारा, छोटूपारा, सहसपुर, राजनवागांव, बोड़ला, सिंघारी, तरेगांव, पंडरिया, कुकदूर, कोदवा, कामठी, चिल्फी और रेंगाखार।
जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन, कवर्धा ने सभी पात्र संग्राहकों से अपने बैंक खातों की जानकारी अद्यतन रखने की अपील की है, ताकि भुगतान समय पर और बिना किसी परेशानी के प्राप्त हो सके।






