स्वच्छता कर्मचारियों की मेहनत से सुंदर और स्वच्छ बन रहा कवर्धा : चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी
गांधी जयंती पर स्वच्छता दीदियों और सफाई कर्मचारियों का सम्मान, प्रशस्ति पत्र व श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित

कवर्धा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में स्वच्छता सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम से पहले कलेक्टर कार्यालय परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इसके बाद नगर पालिका के स्वच्छता कार्य से जुड़े सफाई कर्मचारियों एवं स्वच्छता दीदियों को प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
स्वच्छता के प्रति लोगों में बढ़ी जागरूकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान से देशभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों और उनके सपनों को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों से आम नागरिकों की सोच और व्यवहार में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि कवर्धा शहर की स्वच्छता दीदियां और सफाई कर्मचारी दिन-रात, ठंड, गर्मी और बारिश सहित विभिन्न परिस्थितियों में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उनके अथक परिश्रम से शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने और कवर्धा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
स्वच्छता कर्मियों का कार्य शहर के स्वास्थ्य से भी जुड़ा
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों का कार्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे शहर में स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवनशैली की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके निरंतर परिश्रम और समर्पण से स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप मिल रहा है।
गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता दीदियों एवं सफाई कर्मचारियों का सम्मान करते हुए उन्होंने उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
स्वच्छता दीदियों और सफाई कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण : सीएमओ
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में स्वच्छता दीदियों और सफाई कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शहर को स्वच्छ रखने में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में भी जिम्मेदारी और मेहनत के साथ कार्य करते हैं। उनके परिश्रम से शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होती है और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलता है। उन्होंने सभी स्वच्छता कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद उनके योगदान को सम्मान की दृष्टि से देखती है।
इन स्वच्छता कर्मचारियों एवं संस्थाओं का हुआ सम्मान
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिका के स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मनोज मोंगरे, दीपक चौहान, राजा मोंगरे, रोशन ठाकुर, नवीन कुलदीप, दिलावर मोंगरे, विकास बिछिया, सरस्वती बघेल, जितेन्द्र मानिकपुरी, संजीत लांझी, अगर दास, मन्नू पटेल, अंजोर बाई, अघहन बाई, रूबीना खान, उर्मिला टंडन, शकुन धुर्वे, जाकी बंसोड, पुष्पा कुर्रे एवं जय मां दुर्गा प्रबंधन समिति शामिल रहे।
जनप्रतिनिधि और कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, सभापति देवकुमार साहू, पार्षद योगेश चंद्रवंशी, डोनेश राजपूत, संजीव कुर्रे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू, स्वच्छता समन्वयक होमेश मानिकपुरी, संजय पाल सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664





