कवर्धा को मिली सुव्यवस्थित चौपाटी की सौगात, 60 परिवारों को मिला स्थायी रोजगार

कवर्धा | शहर के विकास और फुटपाथ व्यापारियों के पुनर्व्यवस्थापन की दिशा में नगर पालिका परिषद कवर्धा ने बड़ा कदम उठाया है। वन विभाग कार्यालय के सामने लगभग 64.34 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त चौपाटी का निर्माण किया गया है, जहां 60 फुटपाथ विक्रेताओं को व्यवस्थित रूप से स्थान आवंटित किया गया है।

नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि यह पहल कवर्धा विधायक एवं छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा की मंशा के अनुरूप की गई है, जिसमें छोटे व्यापारियों को सुरक्षित और स्थायी व्यवसायिक स्थान उपलब्ध कराना प्राथमिकता रही। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए लॉटरी पद्धति अपनाई गई, जिससे सभी पात्र विक्रेताओं को निष्पक्ष रूप से स्थान मिला।
चौपाटी में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस पहल से जहां शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, वहीं फुटपाथ विक्रेताओं को सम्मानजनक आजीविका का अवसर भी मिलेगा।
🍽️ एक ही जगह मिलेगा हर स्वाद
नई चौपाटी की खास बात यह है कि यहां शहरवासियों को एक ही स्थान पर अलग-अलग तरह के स्वादिष्ट व्यंजन मिलेंगे। यह जगह अब कवर्धा का नया फूड हब बनने की ओर बढ़ रही है, जहां लोग परिवार और दोस्तों के साथ समय बिता सकेंगे।





