वनांचल ग्राम पंचायत खारा बनी स्वच्छता की मिसाल
महिला समूह, युवा मंडली और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से स्वच्छता अभियान को मिली नई पहचान

कवर्धा। जनपद पंचायत बोड़ला के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत खारा स्वच्छता के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है। यहां महिला समूह, युवा मंडली और ग्रामीण पिछले 8 महीनों से प्रत्येक शुक्रवार एवं रविवार को सामूहिक श्रमदान कर मंदिर, स्कूल, आंगनबाड़ी, सड़क, गली एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत की सत्य कबीर स्व सहायता समूह की 13 महिलाएं पिछले 18 महीनों से घर-घर जाकर कचरा संग्रहण का कार्य कर रही हैं। वहीं जय सियाराम समिति के 21 युवा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दे रहे हैं।
ग्राम पंचायत द्वारा स्वच्छता कार्यों को बढ़ावा देने के लिए समूह को प्रतिमाह 3000 रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ साड़ी, दस्ताने, फावड़ा, टोकनी, डस्टबिन एवं रिक्शा जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि खारा ग्राम पंचायत की यह पहल ग्रामीण स्वप्रेरणा और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है। :::
हेडलाइन: खारा ग्राम पंचायत बनी स्वच्छता की मिसाल, महिला समूह और युवाओं ने पेश की अनूठी पहल





