सहकारिता किसानों की समृद्धि का नया आधार बनेगी: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

सहकारिता सप्ताह के समापन पर जिला स्तरीय कृषक संगोष्ठी, किसानों को कृषि ऋण व मछली कीट वितरण, 15 बालिकाएं सम्मानित
कवर्धा। सहकारिता सप्ताह के समापन अवसर पर रविवार को पीजी कॉलेज डोम में जिला स्तरीय कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सहकारिता को धान उपार्जन और बैंकिंग तक सीमित न रखकर दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, पशुपालन, कोल्ड स्टोरेज और अन्य रोजगारमूलक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम में 8 किसानों को अल्पकालीन कृषि ऋण एवं मछली कीट वितरित किए गए। वहीं निबंध, प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिता की 15 विजेता बालिकाओं को सम्मानित किया गया।
राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय ने सहकारिता को सामूहिक विकास का आधार बताते हुए विकसित भारत-2047 के संकल्प में सभी की भागीदारी का आह्वान किया। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सहकारिता आंदोलन किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि जिले में सहकारी समितियों की संख्या 90 से बढ़कर 138 हो गई है, जो सहकारिता के विस्तार और किसानों की बढ़ती भागीदारी का प्रमाण है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।






