KawardhaChhattisgarhकबीरधामछत्तीसगढ़पंडरियाबेमेतराबोड़लारायपुर

कवर्धा में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण शुरू, रूप साय सलाम ने किया सांकेतिक धनादेश वितरण

कवर्धा में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण शुरू, रूप साय सलाम ने किया सांकेतिक धनादेश वितरण

IMG 20260710 WA0015

कवर्धा, 10 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) श्री रूप साय सलाम ने अपने कवर्धा प्रवास के दौरान तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2023 के प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का सांकेतिक वितरण किया। इस अवसर पर जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन, कवर्धा के संचालक मंडल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें तेंदूपत्ता संग्रहण, बोनस वितरण और संग्राहकों के हित में संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई।

IMG 20260710 WA0008

बैठक में जिला यूनियन अध्यक्ष श्री दुखी राम धुर्वे, उपाध्यक्ष श्री भागवत साहू, संघ प्रतिनिधि श्री साहेब लाल नेताम, संचालक सदस्य श्री फगनु राम धुर्वे, श्री टीकाराम बारले, श्री सियाराम पाली, श्री पंचराम धुर्वे, श्रीमती खेदिया बाई, वनमंडलाधिकारी एवं पदेन प्रबंध संचालक श्री निखिल अग्रवाल तथा उप प्रबंध संचालक श्री कीर्तिवर्धन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

उप प्रबंध संचालक ने बताया कि वर्ष 2026 के तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन में जिले की 19 प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के 24 लॉट और 269 फड़ों में 40,100 मानक बोरा के लक्ष्य के विरुद्ध 40,234.435 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया गया, जो लक्ष्य का 100.34 प्रतिशत है। इसके लिए 32,688 संग्राहकों को 22.13 करोड़ रुपये का संग्रहण पारिश्रमिक देय है। इनमें से 32,464 संग्राहकों के खातों में 22.04 करोड़ रुपये (99.58 प्रतिशत) की राशि ऑनलाइन हस्तांतरित की जा चुकी है, जबकि शेष भुगतान भी जल्द पूरा किया जाएगा।

 

बैठक में वर्ष 2023 के बोनस वितरण की जानकारी देते हुए बताया गया कि उस वर्ष 28,589 संग्राहकों ने 32,347.170 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया था। लाभ में रही 13 समितियों के 21,010 संग्राहकों को कुल 2.31 करोड़ रुपये की बोनस राशि का ऑनलाइन वितरण 8 जुलाई 2026 से प्रारंभ कर दिया गया है।

 

इस दौरान अध्यक्ष रूप साय सलाम ने समिति राजानवागांव, सहसपुर और रेंगाखार के चयनित संग्राहकों को बोनस राशि के सांकेतिक धनादेश प्रदान किए। इनमें श्रीमती लक्ष्मी बाई (रेंगाखार) को 9,453 रुपये, श्री पहर सिंह मेरावी (राजानवागांव) को 9,398 रुपये, श्री समलु पटेल (राजानवागांव) को 7,390 रुपये तथा श्रीमती देवकुंवर (सहसपुर) को 4,982 रुपये की बोनस राशि प्रदान की गई।

 

बैठक के बाद अध्यक्ष ने जिला यूनियन के गोदामों तथा वनधन केंद्र, बोड़ला स्थित शहद प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर शहद प्रसंस्करण की गतिविधियों की जानकारी ली और उनके कार्यों की सराहना की।

प्रवास के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वनधन केंद्र, बोड़ला परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष रूप साय सलाम, जिला यूनियन अध्यक्ष दुखी राम धुर्वे और संचालक सदस्य फगनु राम धुर्वे ने पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page