विधायक भावना बोहरा की बड़ी पहल: अब सरकारी स्कूलों के बच्चे सीखेंगे ड्रोन, AI और रोबोटिक्स

‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ मोबाइल टेक्नोलॉजी लैब जल्द होगी शुरू, हर साल 5,000 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
कवर्धा। पंडरिया विधानसभा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब आधुनिक तकनीक की शिक्षा उनके स्कूल परिसर में ही मिलेगी। विधायक भावना बोहरा ने “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” के नाम से एक अत्याधुनिक मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, 3D प्रिंटिंग, कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), एआर/वीआर जैसी नई तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह मोबाइल लैब पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के सभी शासकीय हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल तथा सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में पहुंचेगी। प्रत्येक विद्यालय में 3 से 5 दिनों तक कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें पांच अनुभवी प्रशिक्षक विद्यार्थियों को बेसिक से एडवांस स्तर तक प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
पहले चरण में 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण
योजना के प्रथम चरण में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राएं स्वयं ड्रोन उड़ाएंगे, रोबोट संचालित करेंगे, कोडिंग सीखेंगे और 3D मॉडल तैयार करेंगे। इससे उन्हें केवल सैद्धांतिक नहीं बल्कि व्यवहारिक अनुभव भी मिलेगा।
हर वर्ष 5 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि इस अभिनव पहल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी शिक्षा के बीच तकनीकी अंतर को कम करना तथा सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना है। इस योजना के माध्यम से हर साल 5,000 से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीक से जुड़ने का अवसर
भावना बोहरा ने कहा कि आज का युग विज्ञान और तकनीक का है। यदि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक संसाधन और अवसर दिए जाएं तो वे भी देश-दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकते हैं। उनका कहना है कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधन की मोहताज नहीं होती, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की होती है।
पहले भी शुरू कर चुकी हैं कई शैक्षणिक पहल
विधायक ने बताया कि इससे पहले पंडरिया विधानसभा की छात्राओं के लिए 10 निःशुल्क बसों का संचालन शुरू किया गया है, जिससे अब तक 1,500 से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए ‘लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग’ की भी शुरुआत की गई है, जहां IIT-JEE, NEET और CGPSC जैसी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जा रही है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” ग्रामीण प्रतिभाओं को विज्ञान, नवाचार और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने बताया कि लैब शुरू करने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और आगामी कुछ दिनों में इसका शुभारंभ किया जाएगा।





