कवर्धा में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया ध्वजारोहण

कवर्धा। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और पुलिस बैंड की धुन के बीच राष्ट्रीय सलामी दी गई। समारोह में 10 परेड दलों ने आकर्षक मार्चपास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। मंत्री ने रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति पर आधारित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कवर्धा ने प्रथम, स्वामी आत्मानंद स्कूल दुर्गावती चौक ने द्वितीय और अभ्युदय स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
शहीद परिवारों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शहीद जवानों के परिवारों को भी सम्मानित किया गया। शहीद आरक्षक झल्लु प्रसाद नेवले के सुपुत्र जितेन्द्र नेवले, शहीद आरक्षक चंद्र सिंह मेरावी की पुत्री संगीता मेरावी तथा शहीद नरेन्द्र शर्मा के भतीजे हिरेन्द्र शर्मा को शॉल, श्रीफल एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।
132 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 132 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें पुलिस, राजस्व, जिला पंचायत, पीडब्ल्यूडी, वन विभाग, नगर सेना, जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
परेड प्रतियोगिता में सशस्त्र वर्ग में 17वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ बल ने प्रथम, जिला पुलिस बल पुरुष ने द्वितीय और जिला नगर सेना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में एनसीसी बालक पीजी कॉलेज प्रथम रहा।
समारोह में कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, डीएफओ निखिल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Ad.






