पंडरिया में मारपीट कर युवक का हाथ तोड़ा, तीन आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई
शराब भट्ठी के पास दुकान में सामान खरीदने को लेकर हुआ विवाद, पीड़ित के हाथ में मिला फ्रैक्चर; तीनों आरोपी जेल दाखिल
कवर्धा/पंडरिया, 29 अगस्त 2026। पंडरिया थाना क्षेत्र में मारपीट कर युवक का हाथ फ्रैक्चर करने वाले तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया है।

पुलिस के अनुसार, शराब भट्ठी के पास स्थित एक दुकान में सामान खरीदने की बात को लेकर साजन सतनामी, लोकेश जांगड़े एवं पप्पू दाहिरे उर्फ ओंकार का प्रार्थी संतोष पारधी से विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट की गई।
घटना के संबंध में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 174/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान मेडिकल जांच में मारपीट के कारण प्रार्थी के हाथ में फ्रैक्चर होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के साथ-साथ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और तीनों को जेल दाखिल कराया।
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिन्हा के नेतृत्व में थाना पंडरिया पुलिस टीम द्वारा की गई।





