कबीरधामपंडरिया

पंडरिया दशहरा उत्सव में शामिल हुईं विधायक भावना बोहरा, बोलीं—सत्य और धर्म की जीत का प्रतीक है विजयादशमी

पंडरिया दशहरा उत्सव में शामिल हुईं विधायक भावना बोहरा, बोलीं—सत्य और धर्म की जीत का प्रतीक है विजयादशमी

हजारों की संख्या में उमड़े क्षेत्रवासी, श्वेता महिमा दास और नवीन साहू की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

IMG 20261021 WA0002

पंडरिया। विजयादशमी के पावन अवसर पर माँ महामाया दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति और नगरवासियों को सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध गायिका श्वेता महिमा दास और गायक नवीन साहू ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उत्सव में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे उत्साह व उल्लास के साथ पर्व मनाया।

भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने का दिया संदेश

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें याद दिलाता है कि वास्तविक जीत सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने से मिलती है। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण की अनुपम मिसाल है। उनके आदर्श हमें सिखाते हैं कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, हमें अपने सिद्धांतों और कर्तव्यों से विमुख नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दशहरा केवल रावण दहन या उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि अपने आचरण का मूल्यांकन करने, अहंकार का त्याग करने और समाज में प्रेम, सहयोग व भाईचारे की भावना मजबूत करने का भी पर्व है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर परिवार, समाज और राष्ट्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

IMG 20261021 WA0000

पंडरिया के विकास को लेकर जताई प्रतिबद्धता

भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा की सेवा और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनके लिए जनसेवा का संकल्प है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाने, अधोसंरचना निर्माण और क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांगों को पूरा करने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार सुशासन, जनहित और विकास को प्राथमिकता देकर काम कर रही है। लक्ष्य है कि पंडरिया विधानसभा का प्रत्येक गांव और प्रत्येक नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े और क्षेत्र में सुविधाओं, समृद्धि व खुशहाली का विस्तार हो।

IMG 20261021 WA0001

बेटियों की शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक का किया उल्लेख

विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनसेवा पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि निःशुल्क बस सेवा के माध्यम से बेटियां शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। वहीं, लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग के जरिए युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को ड्रोन, रोबोटिक्स और आधुनिक शिक्षा से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। इसके अलावा, आठ निःशुल्क एंबुलेंस सेवा और मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के माध्यम से लोगों को आपातकालीन सहायता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

भावना बोहरा ने कहा कि ये सभी पहलें क्षेत्र की जनता के विश्वास और उनकी सेवा के संकल्प का हिस्सा हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि पंडरिया के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही उपस्थिति

दशहरा उत्सव में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उत्सव ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।

रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664

KT Chhattisgarh News

खिलेश्वर सिन्हा KT CHHATTISGARH NEWS के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे कवर्धा एवं कबीरधाम सहित छत्तीसगढ़ की स्थानीय, सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाते हैं। KT CHHATTISGARH NEWS का उद्देश्य विश्वसनीय, निष्पक्ष और त्वरित समाचार उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page